नीतीश कुमार के स्वागत में बवाल: एयरपोर्ट पर विधायकों को रोका, गुस्से में भाजपा विधायक बोले- 'बर्बाद कर दूंगा'
Bihar: नीतीश कुमार के वाल्मीकिनगर दौरे में एयरपोर्ट पर विधायकों को रोके जाने से हंगामा हुआ। भाजपा विधायक विनय बिहारी भड़क गए। जिसके बाद प्रशासन ने प्रोटोकॉल का हवाला देकर मामला शांत कराया।
विस्तार
नीतीश कुमार के वाल्मीकिनगर दौरे के दौरान पश्चिम चंपारण स्थित हवाई अड्डे पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब स्वागत के लिए पहुंचे जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा कर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया। देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा विधायक विनय बिहारी और जदयू विधायक समृद्ध वर्मा को आमंत्रित किया गया था। दोनों निर्धारित समय पर हवाई अड्डे पहुंचे, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। इससे दोनों विधायक नाराज हो गए।
इस दौरान विनय बिहारी का गुस्सा खुलकर सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कई बार फोन कर बुलाया गया, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद भी अंदर जाने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वे चार बार के विधायक हैं और इस तरह का व्यवहार जनप्रतिनिधियों का अपमान है।
पढ़ें: राज्यसभा जाने से पहले वाल्मीकि नगर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, पश्चिमी चंपारण को क्या-क्या सौगातें दीं?
गुस्से में उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इस अपमान का जवाब देंगे और व्यवस्था को “बर्बाद कर देंगे।” उनके इस बयान के बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया। उनके समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं, समृद्ध वर्मा ने भी नाराजगी जताई, लेकिन साथ ही स्थिति को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगर जनप्रतिनिधियों को ही रोका जाएगा तो यह व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह कदम प्रोटोकॉल और सुरक्षा कारणों से उठाया गया था, किसी का अपमान करना उद्देश्य नहीं था। यह घटना प्रशासनिक समन्वय की कमी और संचार में गड़बड़ी को उजागर करती है, जिसने एक सामान्य कार्यक्रम को विवाद में बदल दिया।